रायगढ़लोकतंत्र की बुनियाद पर चोट करने वाली कथित वोट चोरी और मतदाता सूची में अनियमितताओं के खिलाफ कांग्रेस अब सड़क से गांव की चौपाल तक निर्णायक लड़ाई लड़ेगी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रव्यापी **“वोट बचाओ–देश बचाओ” अभियान** को छत्तीसगढ़ में व्यापक जनआंदोलन का रूप देने के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने जिला स्तर पर पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की है। इसी क्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त पूर्व महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष व पूर्व महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष श्री नाना पटोले जी के पर्यवेक्षण में छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस द्वारा चंद्रपुर विधायक **श्री रामकुमार यादव जी को रायगढ़ शहर कांग्रेस व पूर्व विधायक नोबेल वर्मा जी को रायगढ़ ग्रामीण कांग्रेस पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।*प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा जारी आदेश के तहत विधायक रामकुमार यादव जी एवं नोबेल वर्मा जी जिले में अभियान के सफल संचालन,संगठनात्मक समन्वय और निर्धारित कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन की निगरानी करेंगे। उनकी जिम्मेदारी में जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के बीच समन्वय स्थापित करना और अभियान को बूथ तथा गांव स्तर तक पहुंचाना शामिल है।कांग्रेस का यह अभियान राजनीतिक से हटकर मतदाता के अधिकार और लोकतांत्रिक व्यवस्था की निष्पक्षता से जुड़ा महत्वपूर्ण जनआंदोलन है। कांग्रेस का आरोप है कि मतदाता सूची में अनियमितता और वोट चोरी जैसी आशंकओं ने लोकतंत्र की पारदर्शिता को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस जनता के बीच जाएगी और मतदाता अधिकारों की रक्षा के लिए व्यापक जनजागरण करेगी।अभियान के दूसरे चरण में 10 से 20 अक्टूबर तक ब्लॉक एवं जनसंपर्क स्तर पर पदयात्रा, साइकिल रैली, बाइक रैली और सार्वजनिक सभाओं का आयोजन किया जाएगा। कांग्रेस कार्यकर्ता आम नागरिकों के बीच पहुंचकर मतदाता सूची की कथित विसंगतियों और वोट चोरी के मुद्दे को उठाएंगे। संविधान के अनुच्छेद 326 का पाठ, राष्ट्रगान और मताधिकार के महत्व पर चर्चा के माध्यम से जनता को अपने लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा।कांग्रेस का उद्देश्य इस अभियान के जरिए मतदाता सूची की शुद्धता और मतदान की निष्पक्षता को लेकर जनता की आवाज बुलंद करना है। पार्टी कार्यकर्ता लोगों से अपील करेंगे कि वे मतदाता सूची में अपने नाम और विवरण की जांच करें तथा किसी भी त्रुटि की स्थिति में निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुधार के लिए पहल करें।25 अक्टूबर से 25 नवंबर तक चलने वाले तीसरे चरण में अभियान को ग्रामीण क्षेत्रों में और अधिक सक्रिय किया जाएगा। गांव-गांव चौपाल आयोजित कर मतदाता सूची के प्रारूप पर चर्चा होगी। बूथ स्तर के कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मतदाता सूची में संभावित त्रुटियों, नामों के विलोपन और अन्य विसंगतियों की जानकारी जुटाएंगे। कांग्रेसजन संविधान, मताधिकार और लोकतंत्र की रक्षा का संदेश लेकर जनता के बीच जाएंगे।इस चरण में 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में मेगा राष्ट्रीय रैली का आयोजन भी प्रस्तावित है। इसमें जिला, शहर, नगर और ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के पदाधिकारी, मोर्चा संगठन तथा प्रकोष्ठों के कार्यकर्ता भाग लेंगे।रायगढ़ जिले के पर्यवेक्षक के रूप में विधायक रामकुमार यादव एवं नोबेल वर्मा अभियान की गतिविधियों को दिशा देने और संगठनात्मक समन्वय स्थापित करने की जिम्मेदारी निभाएंगे। उनके मार्गदर्शन में जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटियां कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर निर्धारित समयसीमा में उनका क्रियान्वयन सुनिश्चित करेंगी। अभियान को केवल औपचारिक कार्यक्रम तक सीमित न रखकर जनता के अधिकारों से जुड़े व्यापक जनजागरण के रूप में संचालित करने पर जोर रहेगा।कांग्रेस ने कहा है कि लोकतंत्र की मजबूती तभी संभव है, जब प्रत्येक पात्र नागरिक का वोट सुरक्षित हो और मतदान प्रक्रिया निष्पक्ष एवं पारदर्शी रहे। मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अनियमितता को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। **“वोट बचाओ–देश बचाओ” अभियान के माध्यम से कांग्रेस मतदाता अधिकारों की रक्षा, कथित वोट चोरी के मुद्दे पर जनजागरण और लोकतांत्रिक मूल्यों की सुरक्षा के लिए अपनी लड़ाई को और तेज करेगी।