Homeछत्तीसगढ़सारंगढ़बदली आंगनवाड़ी की तस्वीर,संवर रहा बच्चों का भविष्य:रायगढ़ जिले के 33 गांवों...

बदली आंगनवाड़ी की तस्वीर,संवर रहा बच्चों का भविष्य:रायगढ़ जिले के 33 गांवों में 55 मॉडल आंगनवाड़ी केंद्र बने शिक्षा,पोषण और स्वच्छता के आदर्श केंद्र

रायगढ ग्रामीण बच्चों के उज्ज्वल भविष्य,बेहतर पोषण एवं गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत एचडीएफसी बैंक परिवर्तन (CSR) के सहयोग एवं PRADAN रायगढ़ टीम के प्रयासों से रायगढ़ एवं लैलूंगा विकासखंड के 33 गांवों में 55 आंगनवाड़ी केंद्रों को मॉडल आंगनवाड़ी केंद्रों के रूप में विकसित किया गया है। यह पहल न केवल आंगनवाड़ी भवनों की तस्वीर बदल रही है,बल्कि बच्चों,उनके अभिभावकों और पूरे समुदाय के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन की नई नींव भी रख रही है।जहां कभी सीमित संसाधनों के साथ आंगनवाड़ी केंद्र संचालित होते थे,वहीं आज ये केंद्र सुरक्षित, स्वच्छ, आकर्षक एवं बाल-अनुकूल शिक्षण परिसरों के रूप में विकसित हो चुके हैं। प्रत्येक मॉडल आंगनवाड़ी केंद्र में स्वच्छ शौचालय,जल कनेक्शन,सुरक्षित पेयजल हेतु वाटर प्यूरीफायर,गुणवत्तापूर्ण फर्श,मैट,बच्चों के लिए टेबल-कुर्सियां,आकर्षक बैठने की व्यवस्था तथा सोलर ऑफ-ग्रिड विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।बच्चों के सीखने को रोचक एवं प्रभावी बनाने के लिए सभी 55 केंद्रों में इनडोर एवं आउटडोर खेल सामग्री,शैक्षणिक खिलौने, ऑडियो-विजुअल शिक्षण साधन तथा टेलीविजन उपलब्ध कराए गए हैं। इसके साथ ही BaLA (Building as Learning Aid) पेंटिंग, रंग-बिरंगे शैक्षणिक चित्र, दीवार लेखन एवं दृश्य शिक्षण सामग्री ने इन केंद्रों को जीवंत शिक्षण प्रयोगशालाओं में परिवर्तित कर दिया है। अब बच्चे खेल-खेल में सीख रहे हैं और आनंदमय वातावरण में अपने कौशल का विकास कर रहे हैं।इस पहल का प्रत्यक्ष लाभ हजारों पंजीकृत बच्चों और उनके अभिभावक को मिल रही है। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के अनुसार बेहतर सुविधाओं और आकर्षक वातावरण के कारण बच्चों की नियमित उपस्थिति में 20 से 30 प्रतिशत तक वृद्धि दर्ज की जा रही है। बच्चों में सीखने के प्रति रुचि बढ़ी है तथा उनकी रचनात्मकता,आत्मविश्वास, संवाद क्षमता और सामाजिक कौशल में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।मॉडल आंगनवाड़ी केंद्रों ने केवल बच्चों के लिए ही नहीं,बल्कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए भी बेहतर कार्य वातावरण तैयार किया है। आधुनिक शिक्षण सामग्री और उन्नत सुविधाओं के कारण वे अब अधिक प्रभावी ढंग से प्रारंभिक शिक्षा,पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर पा रही हैं। इससे बच्चों की विद्यालय-पूर्व तैयारी (School Readiness) तथा सीखने के परिणामों में भी उल्लेखनीय सुधार देखने को मिल रहा है।स्वच्छ पेयजल,सोलर ऊर्जा आधारित बिजली व्यवस्था और बेहतर स्वच्छता सुविधाओं ने बच्चों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों में स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी व्यवहार को भी मजबूत किया है। साथ ही इन केंद्रों ने समुदाय में विश्वास,सहभागिता और स्वामित्व की भावना को बढ़ावा दिया है। बेहतर सुविधाओं और आकर्षक वातावरण के कारण अभिभावक अब अपने बच्चों को नियमित रूप से आंगनवाड़ी भेजने के लिए अधिक उत्साहित हैं।
PRADAN रायगढ़ टीम के अनुसार,यह पहल केवल आधारभूत संरचना विकास तक सीमित नहीं है,बल्कि बच्चों के समग्र विकास, बेहतर पोषण,गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और स्वस्थ भविष्य की मजबूत नींव रखने का एक प्रयास है। एचडीएफसी बैंक परिवर्तन के सहयोग से विकसित ये मॉडल आंगनवाड़ी केंद्र आने वाले वर्षों में ग्रामीण क्षेत्रों में प्रारंभिक बाल्यावस्था विकास के उत्कृष्ट उदाहरण के रूप में स्थापित होंगे।रंग-बिरंगी दीवारों,आधुनिक सुविधाओं,सुरक्षित वातावरण और नवाचारी शिक्षण संसाधनों से सुसज्जित ये 55 मॉडल आंगनवाड़ी केंद्र आज ग्रामीण विकास, बाल शिक्षा और पोषण संवर्धन की नई पहचान बन चुके हैं। यह पहल न केवल बच्चों के सपनों को नई उड़ान दे रही है,बल्कि ग्रामीण समुदायों में शिक्षा,स्वास्थ्य और पोषण के प्रति सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन की नई कहानी भी लिख रही है।

spot_img

Must Read

spot_img
spot_img
spot_img
spot_img