
*शहर की आस्था,संस्कृति और पर्यटन को नई पहचान देने की दिशा में बुधवार को ऐतिहासिक कदम उठाया गया। गजमार पहाड़ मंदिर परिसर में प्रस्तावित 51 फीट ऊंची भव्य कांस्य बजरंगबली प्रतिमा स्थापना हेतु वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने विधिवत भूमिपूजन किया। वैदिक मंत्रोच्चार, भजन-कीर्तन और “जय श्री राम” तथा “जय बजरंगबली” के जयघोषों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा
रायगढ़ शहर की आस्था अब विराट स्वरूप लेने जा रही है।गजमार पहाड़ मंदिर में स्थापित होने वाली 51 फीट ऊंची भव्य कांस्य बजरंगबली प्रतिमा ने रायगढ़ को धार्मिक और पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाने की दिशा में बड़ा कदम बढ़ा दिया है। बुधवार को वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ इस महत्त्वाकांक्षी परियोजना का भूमिपूजन किया।पूरे पहाड़ मंदिर परिसर में घंटियों की गूंज,भजन-कीर्तन,शंखध्वनि और “जय श्री राम” तथा “जय बजरंगबली” के गगनभेदी जयघोषों ने ऐसा भक्तिमय वातावरण निर्मित किया कि हर श्रद्धालु भाव-विभोर नजर आया। कार्यक्रम में नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान,सभापति डिग्री लाल साहू,अरुणधर दीवान,बाबूलाल अग्रवाल वकील,विकास केडिया,डॉ पवन अग्रवाल,मनोज शर्मा,शाखा यादव, सलीम नियारिया,दीपक डोरा,इंजी एस डी यादव,प्रो.अम्बिका वर्मा,डॉ.वाय के शिंदे सहित अनेक जनप्रतिनिधि,सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे।करीब 10 टन वजनी यह विशाल कांस्य प्रतिमा जनसहयोग से निर्मित होगी। इसे केवल एक प्रतिमा नहीं, बल्कि रायगढ़ की सामूहिक आस्था,सामाजिक एकता और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक माना जा रहा है। पहाड़ की ऊंचाई पर विराजमान होने वाली यह भव्य प्रतिमा दूर-दूर से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगी। भूमिपूजन समारोह को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि रायगढ़ अब केवल उद्योग और संस्कृति के लिए नहीं, बल्कि धार्मिक पर्यटन के लिए भी जाना जाएगा। उन्होंने कहा कि गजमार पहाड़ आने वाले वर्षों में प्रदेश के प्रमुख आध्यात्मिक स्थलों में शामिल होगा। यहां आने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या स्थानीय रोजगार,व्यापार और पर्यटन गतिविधियों को नई ऊर्जा देगी। उन्होंने कहा कि पहाड़ मंदिर वर्षों से लोगों की श्रद्धा का केंद्र रहा है,लेकिन अब यहां बनने वाली यह विराट प्रतिमा रायगढ़ को नई पहचान देगी। यह केवल निर्माण कार्य नहीं,बल्कि जनआस्था का महायज्ञ है, जिसमें पूरा शहर सहभागी बन रहा है। पूजा-अर्चना के पश्चात आयोजित विशाल महाभंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर परिसर में दिनभर श्रद्धा, उत्साह और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। महिलाओं,युवाओं और बच्चों में विशेष उत्साह नजर आया। गजमार पहाड़ पर स्थापित होने जा रही यह भव्य बजरंगबली प्रतिमा आने वाले समय में रायगढ़ की नई आध्यात्मिक पहचान बन सकती है —एक ऐसा स्थल, जहां आस्था, पर्यटन और सांस्कृतिक गौरव एक साथ दिखाई देंगे।इस दौरान ड्रोन के माध्यम से उड़ते हुए विशाल हनुमान जी का भी उपस्थित श्रद्धालुओं ने दर्शन लाभ प्राप्त कियाl



