*भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर 15 नवंबर को धरमजयगढ़ में होगा राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस का भव्य आयोजन*राज्य प्रभारी स्मृति ईरानी ने दशहरा मैदान पहुंचकर तैयारियों का लिया जायजा, अधिकारियों को समय-सीमा में सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के दिए निर्देश
रायगढ़,/महान जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर 15 नवंबर को रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन के माध्यम से जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत, समृद्ध संस्कृति, परंपराओं, लोकज्ञान और राष्ट्र निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। समारोह में राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए आज राज्य प्रभारी श्रीमती स्मृति ईरानी धरमजयगढ़ के दशहरा मैदान पहुंचीं। उन्होंने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर आयोजन की व्यवस्थाओं और विभिन्न विभागों द्वारा लगाए जाने वाले प्रदर्शनी स्टॉलों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।राज्य स्तरीय आयोजन की तैयारियों के निरीक्षण के दौरान श्रीमती स्मृति ईरानी ने दशहरा मैदान में मंच निर्माण, बैठक व्यवस्था, बैरिकेडिंग, आवागमन, सुरक्षा, पार्किंग सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल होने वाले अतिथियों एवं आम नागरिकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा तैयार किए जा रहे प्रदर्शनी स्टॉलों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्टॉलों में प्रदर्शित की जाने वाली योजनाओं, विभागीय उपलब्धियों और जनजातीय हितग्राहियों को मिल रहे लाभों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी इस तरह तैयार की जाए, जिससे आम नागरिकों और विशेषकर युवा पीढ़ी को जनजातीय समाज की उपलब्धियों, परंपराओं और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की बेहतर जानकारी मिल सके। इस दौरान राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्रीमती लता उसेंडी, प्रदेश अध्यक्ष श्री किरण सिंह देव, कृषि मंत्री एवं रायगढ़ जिले के प्रभारी मंत्री श्री रामविचार नेताम, वन मंत्री श्री केदार कश्यप, वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी.चौधरी, लोकसभा सांसद श्री राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद श्री देवेन्द्र प्रताप सिंह, महापौर श्री जीवर्धन चौहान सहित जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।जनजातीय विरासत, संस्कृति और राष्ट्र निर्माण के योगदान को मिलेगा मंच राज्य प्रभारी श्रीमती स्मृति ईरानी ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक अस्मिता और राष्ट्रीय एकता के बीच एक सशक्त सेतु के रूप में महत्वपूर्ण है। यह अवसर केवल जनजातीय वीरों के बलिदान को नमन करने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके संघर्ष, साहस और स्वाभिमान से प्रेरणा लेकर समावेशी विकास, सामाजिक समरसता और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में जनजातीय समाज की भागीदारी को और मजबूत करने का अवसर भी है।उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित जनजातीय गौरव दिवस और गौरव सप्ताह का संदेश स्पष्ट है कि जनजातीय समाज का इतिहास केवल संघर्ष और बलिदान की गाथा नहीं, बल्कि भारत की सभ्यता, संस्कृति, स्वाभिमान और राष्ट्र निर्माण की अमूल्य विरासत है। इस विरासत का सम्मान और संरक्षण ही विकसित भारत एवं विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने की महत्वपूर्ण आधारशिला है। उन्होंने युवा पीढ़ी को जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, परंपरागत ज्ञान और सांस्कृतिक धरोहर से परिचित कराने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।विभिन्न विभागों की योजनाओं और उपलब्धियों की लगेगी विशेष प्रदर्शनी15 नवंबर को आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विभागीय उपलब्धियों और जनजातीय हितग्राहियों के लिए संचालित गतिविधियों को प्रदर्शित करने के लिए विशेष प्रदर्शनी स्टॉल लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों के माध्यम से जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका, कृषि, महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास और रोजगार के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी जाएगी।प्रदर्शनी में स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास, कृषि एवं संबद्ध विभाग, वन विभाग, ऊर्जा विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा उद्योग एवं रोजगार विभाग सहित विभिन्न विभाग अपनी योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित करेंगे। इसके माध्यम से आम नागरिकों को शासन की योजनाओं की जानकारी मिलेगी, वहीं जनजातीय समुदायों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों को भी करीब से जानने का अवसर मिलेगा।समन्वय के साथ समय-सीमा में पूरी करें सभी तैयारियां-वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी नेकहा कि धरमजयगढ़ मेंआयोजित होने वाला यह राज्य स्तरीय समारोह जनजातीय समाज की गौरवशाली परंपरा, सांस्कृतिक पहचान और ऐतिहासिक योगदान को सम्मान देने के साथ ही उनके सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों को सामने लाने का महत्वपूर्ण अवसर बनेगा। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित यह आयोजन जनजातीय गौरव, स्वाभिमान और विकास के संदेश को प्रदेशभर में प्रसारित करेगा। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ आयोजन की सभी तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से प्रदर्शनी स्टॉलों को आकर्षक, जानकारीपूर्ण और जनोपयोगी बनाने पर जोर दिया, ताकि कार्यक्रम में पहुंचने वाले लोगों को विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया और विभागीय गतिविधियों की समुचित जानकारी मिल सके।