*गरबा की धुन, बॉलीवुड का जुनून… 19 अक्टूबर को रायगढ़ में सजेगी ‘इंडियन शकीरा’ की महफिल**रोटरी रॉयल का मेगा डांडिया उत्सव: रुपाली बग्गा के सुर, मुंबई के डीजे सोनल का धमाल और गरबा प्रतियोगिता बनेगी आकर्षण*
रायगढ़। परंपरा की थाप जब बॉलीवुड के सुरों से मिलेगी और डांडिया की खनक पर पूरा शहर झूमेगा, तब रायगढ़ की शाम उत्सव के रंगों में सराबोर होगी। रोटरी क्लब ऑफ रायगढ़ रॉयल 19 अक्टूबर को होटल श्रेष्ठ में भव्य डांडिया एवं रास गरबा का आयोजन करने जा रहा है। बॉलीवुड सिंगर रुपाली बग्गा, जिन्हें ‘इंडियन शकीरा’ के नाम से पहचान मिली है, अपनी दमदार गायकी से कार्यक्रम में रंग जमाएंगी। वहीं, मुंबई के डीजे सोनल के साथ डिस्को डांडिया का रोमांच भी देखने को मिलेगा। आयोजन की रूपरेखा साझा करने शुक्रवार शाम होटल श्रेष्ठा में क्लब पदाधिकारियों सुशील रामदास, ओमप्रकाश मोदी,संतोष अग्रवाल, आशीष महमिया,संदीप अग्रवाल (युग टीएमटी),शक्ति अग्रवाल, राहुल अग्रवाल,प्रवीण अग्रवाल, सौरभ बट्टीमार,आशीष अरोरा, सुनील टायर,अशोक गर्ग,अंकित कलानौरिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की।
*तीन घंटे सुरों की बरसात,फिर डीजे के साथ डांडिया धमाल*
कार्यक्रम के प्रोग्राम चेयरमैन आशीष महमिया ने बताया कि आयोजन को खास बनाने के लिए क्लब की टीम पिछले डेढ़ महीने से तैयारियों में जुटी है। कार्यक्रम में रुपाली बग्गा की प्रस्तुति मुख्य आकर्षण होगी। प्रोग्राम डॉयरेक्टर सुशील रामदास ने कहा कि रुपाली की ऊर्जा और गायकी का अंदाज उन्हें विशिष्ट बनाता है। उनमें लगातार तीन घंटे तक माता के गीतों और भजनों की प्रस्तुति देने का दम है। रोटरी रॉयल कलाकारों के चयन में हमेशा कुछ अलग करने का प्रयास करता है और उभरती प्रतिभाओं को बड़े मंच पर लाने में विश्वास रखता है।
आयोजन में एक घंटे की डांडिया प्रतियोगिता होगी,जबकि अगले दो घंटे मुंबई के डीजे सोनल के साथ डिस्को डांडिया की धूम रहेगी। फूड कोर्ट,बच्चों के लिए सशुल्क फूड काउंटर और लकी ड्रॉ भी उत्सव का हिस्सा होंगे।
*रायगढ़ में बड़े आयोजनों की कमी चिंताजनक : सुशील रामदास*
डॉयरेक्टर सुशील रामदास ने कहा कि रायगढ़ में बड़े सांस्कृतिक और मनोरंजक आयोजन कम होना चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि रायगढ़ के गरबा की अपनी विशिष्ट पहचान है और यहां के आयोजन लंबे समय तक याद किए जाते हैं। उन्हें कई बड़े शहरों के आयोजनो मे गेस्ट बनने का मौका मिला किंतु वे जहां भी गए,उन्हें रायगढ़ के गरबा की याद आई। बॉलीवुड के बड़े कलाकारों का रायगढ़ आना शहर की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करता है। कलाकारों की फीस में पहले की तुलना में काफी वृद्धि हुई है और अब रायपुर जैसे शहरों में भी बड़े कलाकारों के कार्यक्रम हो रहे हैं। ऐसे समय में रोटरी रॉयल का प्रयास रायगढ़वासियों को एक बेहतर सांस्कृतिक अनुभव देना है।
*सदस्यों तक सीमित नहीं,पूरे शहर को जोड़ने की पहल*
क्लब के करीब 50 सदस्यों का पारिवारिक व्हाट्सऐप समूह आयोजन की तैयारियों में जुटा है। आयोजकों का उद्देश्य इसे केवल क्लब का कार्यक्रम न रखकर पूरे रायगढ़ का उत्सव बनाना है। पदाधिकारियों ने बताया कि गरबा में ग्यारह ग्रुप पार्टिसिपेट कर रही हैं, सभी भागीदारी नि:शुल्क रहेगी। आयोजन की गुणवत्ता,व्यवस्थाओं और निर्धारित मानकों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सुशील रामदास ने कहा कि उनके नेतृत्व में पिछले 16 वर्षों से आयोजित कार्यक्रमों में बेहतर व्यवस्थाओं पर जोर रहा है और उन्होंने शिकायत का अवसर नहीं आने देने का प्रयास किया है।
*मनोरंजन के साथ सेवा भी रोटरी की पहचान*
प्रेस कॉन्फ्रेंस में क्लब की सामाजिक गतिविधियों की जानकारी भी साझा की गई। सुशील रामदास ने बताया कि अगले वर्ष राहत मेडिकल कैंप आयोजित करने की योजना है, जिसके तहत एक सप्ताह में लगभग 30 हजार ऑपरेशन और उपचार नि:शुल्क कराने का लक्ष्य बताया गया। रोटरी रॉयल सांस्कृतिक आयोजनों के साथ सामाजिक सरोकारों को भी अपनी प्राथमिकता मानता है।