रायगढ़ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिला जेल रायगढ़ में 15 अक्टूबर को नशा मुक्ति एवं मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बंदियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशे से दूर रहने और समाज की मुख्यधारा से जुड़कर सकारात्मक जीवन जीने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों द्वारा बंदियों को नशे और अपराध से दूर रहकर जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने तथा बेहतर भविष्य के लिए प्रयास करने के लिए प्रेरित किया गया।इस अवसर पर नोडल अधिकारी ने कहा कि नशा व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने के साथ उसके परिवार और समाज पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। नशे की लत से दूर रहकर ही व्यक्ति अपने जीवन को नई दिशा दे सकता है। उन्होंने बंदियों से आत्मविश्वास के साथ सकारात्मक बदलाव अपनाने और समाज में जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर सभी 460 बंदियों को किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों का सेवन नहीं करने तथा जिम्मेदार नागरिक के रूप में जीवन जीने की सामूहिक शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग के सुशील सिंह, श्री शिवकुमार साहू एवं श्री नवरतन बिंझवार उपस्थित रहे।