*भाजपा राज में गरीब को परेशानी नहीं,कांग्रेस के 60 साल के पाप की सफाई हो रही है-शाखा यादव के आरोपों पर महामंत्री विकास केडिया पटलवार*विकास केडिया ने विपक्ष को नकारात्मक मानसिकता का दल बताया*

  रायगढ जिला कांग्रेस कमेटी के शहर अध्यक्ष शाखा यादव द्वारा भाजपा सरकार पर लगाए गए गरीबों की उपेक्षा और पूंजीपतियों पर मेहरबानी के आरोपों को भाजपा जिला महामंत्री विकास केडिया ने कांग्रेस की हताशा और अज्ञानता करार दिया है। विकास केडिया ने कहा कि कांग्रेस के नेता झूठे ज्ञापन और घेराव की नौटंकी बंद करें, जनता सब जानती है।शाखा यादव के आरोपो का जवाब देते हुए विकास केडिया ने कहा शाखा यादव कह रहे हैं केंद्र से 500 रुपये का आवंटन रुका है। यह सरासर झूठ है। सच्चाई यह है कि कांग्रेस के समय पेंशन के लिए बुजुर्गों को 9-9 महीने भटकना पड़ता था। हमारी विष्णुदेव साय सरकार ने पेंशन की राशि बढ़ाई है और DBT से सीधे खाते में भेज रही है। अगर तकनीकी कारण से किसी जिले में एक महीने विलंब होता है तो वह वेरिफिकेशन के लिए होता है ताकि फर्जी नाम पर पेंशन न जाए। कांग्रेस को याद दिला दूं, रायगढ़ विधायक कार्यालय का घेराव आपने किया था, पर पेंशन बहाल विष्णुदेव सरकार ने ही की थी। डबल इंजन का मतलब ही है गरीब का पैसा बिना कटे पहुंचना। कांग्रेस का आरोप है कि 6 लाख आय और 1000 वर्गफीट मकान वाले को BPL से हटाया जा रहा है। यही तो पारदर्शिता है। BPL का मतलब गरीब है, 6 लाख सालाना कमाने वाला गरीब कैसे? कांग्रेस के राज में तो बड़े-बड़े पूंजीपति,पार्षद और उनके रिश्तेदार BPL में घुसे थे और असली गरीब का राशन खा रहे थे। हमारी सरकार ने मापदंड तय किए ताकि असली जरूरतमंद को लाभ मिले। अगर कोई वास्तविक जरूरतमंद छूटा है तो उसका पुनः सर्वे का प्रावधान है,उसकी समीक्षा होगी, किसी गरीब को वंचित नहीं किया जाएगा। शाखा यादव कह रहे हैं BPL से APL में जाने पर 5 लाख की जगह 50 हजार ही मिलेगा। यह योजना का गलत प्रचार है।आयुष्मान भारत और शहीद वीर नारायण सिंह योजना में पात्रता के हिसाब से ही लाभ मिलता है। कांग्रेस के समय तो कैंसर जैसी बीमारी के लिए आधे-अधूरे BPL कार्ड के भरोसे लोग भटकते थे। आज तो आयुष्मान से 5 लाख तक का मुफ्त इलाज हर गरीब को मिल रहा है, जिसे कांग्रेस कभी सोच भी नहीं पाई।कांग्रेस का आरोप है कि 10 हजार बिल पर कनेक्शन काटा जा रहा है। सच्चाई यह है कि हमारी सरकार ने 50% बिजली बिल हाफ योजना जारी रखी है। कांग्रेस के समय जो हजारों करोड़ का बिजली घोटाला हुआ,उसका खामियाजा जनता भुगत रही थी। बड़े उद्योगपतियों को हजारों करोड़ का कर्ज माफ करने की बात कह रहे हैं - वह कर्ज कांग्रेस की UPA सरकार ने फोन बैंकिंग से बांटा था,जिसे मोदी जी ने वसूला है और गरीब कल्याण में लगाया है। मनमोहन सिंह जी के समय ही देश के बैंकों को लूटा गया था। कांग्रेस का आरोप है कि राशनकार्ड बनाना जटिल है। जटिल कांग्रेस ने बनाया था। आज तो महतारी वंदन, पीएम आवास, हर घर राशन के लिए ऑनलाइन व्यवस्था है। पहले कांग्रेस के समय पार्षद की चिट्ठी के बिना पत्ता नहीं हिलता था। हमने बिचौलियों को खत्म किया है, इसीलिए आपको तकलीफ हो रही है। विकास केडिया ने कहा कि शाखा यादव जी, विकास का अर्थ सिर्फ सड़क और भवन नहीं, पर वही सड़क,वही भवन कांग्रेस के समय क्यों नहीं बनते थे? भाजपा सरकार की विकास संबंधी प्रचार तब तक सार्थक नहीं - यह आपका कहना है,पर गरीब को पेंशन समय पर मिले, राशन मिले, इलाज मिले, बिजली मिले, यही तो सार्थक विकास है।आप विधायक व मंत्रियों के स्वेच्छानुदान की बात कर रहे हैं, वही स्वेच्छानुदान विष्णुदेव सरकार और हमारे विधायक ओपी चौधरी जी गरीबों के बिजली बिल,इलाज और बेटियों की शादी में ही तो दे रहे हैं। पारदर्शी तरीके से दे रहे हैं, कांग्रेस की तरह बंद लिफाफे में नहीं। उन्होंने कहा कि भाजपा को समझाने की जरूरत नहीं, जनता ने कांग्रेस को समझा दिया है। गरीब का अधिकार कोई सरकारी एहसान नहीं, यह हमारा संकल्प है और उसे हम पूरा कर रहे हैं।

Top Search