पीएम सूर्य घर योजना के क्रियान्वयन को लेकर कलेक्टर ने ली समीक्षा बैठक,7 हजार हितग्राहियों का हुआ चिन्हांकन2 किलोवाट का सोलर पैनल लगाने पर केंद्र और राज्य सरकार से मिलेगी 90 हजार रुपये की सब्सिडी हितग्राहियों को
जशपुर प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में विद्युत विभाग,एसडीएम, जनपद पंचायत सीईओ, नगरीय निकाय एवं बैंकर्स के अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने तथा घरों की छतों पर रूफटॉप सोलर पैनल लगाने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है। इसके तहत घरेलू उपभोक्ताओं को घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाने के लिए अनुदान दिया जाता है। योजना के माध्यम से उपभोक्ता प्रतिमाह 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।उन्होंने कहा कि 2 किलो वाट का घरों में सौलर पैनल लगाने से केन्द्र सरकार 60 हजार का और राज्य सरकार 30 हजार रुपए तक कुल 90 हजार की सब्सिडी हितग्राहियों को दी जाती है।कलेक्टर श्री व्यास ने बताया कि जशपुर जिले में लगभग 7 हजार ऐसे हितग्राहियों का चिन्हांकन किया गया है, जिनके घरों में प्रतिमाह लगभग 200 यूनिट बिजली की खपत होती है। इन पात्र हितग्राहियों के घरों में सोलर पैनल स्थापित कराने के लिए संबंधित विभाग समन्वय बनाकर कार्य करें,ताकि अधिक से अधिक लोगों को योजना का लाभ मिल सके।उन्होंने बताया कि घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाने के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा सब्सिडी प्रदान की जाएगी। इसके तहत हितग्राहियों को कुल 90 हजार रुपये तक का अनुदान लाभ मिलेगा। साथ ही पात्र हितग्राहियों को बैंक के माध्यम से ऋण सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हितग्राहियों को योजना की प्रक्रिया,सब्सिडी एवं ऋण सुविधा की जानकारी सरल तरीके से उपलब्ध कराएं, ताकि उन्हें सोलर पैनल लगाने में आर्थिक परेशानी न हो और जिले में योजना का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।