भीड़ जुटाने में भाजपा ने झोंकी ताकत,ऐन वक्त पर मेगा शो का हीरो गायब-हरेराम तिवारी*करोड़ों की उम्मीदें,भारी-भरकम तैयारियां और अंत में हाथ आया इंतजार! छत्तीसगढ़ की उम्मीदों पर फिरा पानी*बसों का अधिग्रहण, पड़ोसी राज्यों से भीड़ जुटाने की कवायद और अखबारों में फुल पेज विज्ञापन-फिर भी राष्ट्रीय अध्यक्ष के दीदार को तरस गया धरमजयगढ़

 
रायगढ़ भाजपा ने धरमजयगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस के बहाने अपनी संगठनात्मक ताकत का ऐसा शक्ति प्रदर्शन करने की तैयारी की थी,मानो राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के सामने छत्तीसगढ़ में भाजपा की लोकप्रियता का कोई नया कीर्तिमान स्थापित करना हो। प्रदेश भाजपा संगठन से लेकर सरकार और जिला भाजपा तक पूरी मशीनरी स्वागत की तैयारियों में जुटी थी। सार्वजनिक परिवहन के वाहनों के अधिग्रहण से लेकर रायगढ़ सहित आसपास के जिलों और पड़ोसी राज्यों से भीड़ जुटाने की कवायद हुई। जिला भाजपा ने चुनिंदा अखबारों में फुल पुल आउट विज्ञापन देकर आयोजन को ऐतिहासिक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। मकसद साफ था कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जब मंच से नजर दौड़ाएं तो उन्हें जनसैलाब ही जनसैलाब दिखाई दे और वे छत्तीसगढ़ भाजपा के संगठनात्मक कौशल से गदगद होकर लौटें।लेकिन राजनीति की इस भव्य पटकथा का क्लाइमेक्स कुछ ऐसा बदला कि सारी तैयारियां धरी की धरी रह गईं। 15 नवंबर को ऐन वक्त पर खबर आई कि कम विजिबिलिटी के कारण राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का विमान रायगढ़ में लैंड नहीं कर सका। नतीजा यह हुआ कि जिस कार्यक्रम का पूरा तामझाम राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत और संबोधन के इर्द-गिर्द बुना गया था,उसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को ही कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए संबोधित करना पड़ा।कह सकते हैं कि भाजपा ने पाला बिछाया था राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत में, लेकिन आखिरी वक्त पर मौसम ने ही नहीं,पूरे राजनीतिक आयोजन ने पाला बदल लिया! इस घटनाक्रम पर तीखा तंज कसते हुए प्रांतीय कांग्रेस प्रवक्ता हरेराम तिवारी ने कहा कि भाजपा ने धरमजयगढ़ में भीड़ जुटाने के लिए जिस स्तर पर सरकारी मशीनरी और संगठनात्मक संसाधनों का इस्तेमाल किया,उससे यह आयोजन जनजातीय समाज के सम्मान से ज्यादा राष्ट्रीय अध्यक्ष के सामने अपनी ताकत दिखाने का प्रदर्शन बनकर रह गया। बसों के अधिग्रहण से आम लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई,पड़ोसी जिलों और राज्यों तक से भीड़ लाने की व्यवस्था की गई और अखबारों के पन्ने विज्ञापनों से भर दिए गए। लेकिन जिस चेहरे के स्वागत में इतना बड़ा राजनीतिक मंच सजाया गया था,वही चेहरा जनता के सामने नहीं पहुंचा। हरेराम तिवारी ने कहा कि सवाल सिर्फ नितिन नवीन के विमान के लैंड नहीं कर पाने का नहीं है। सवाल उन लाखों छत्तीसगढ़ियों की उम्मीदों का है,जिन्होंने जनजातीय गौरव दिवस के इस आयोजन से अपने समाज के लिए किसी बड़ी घोषणा,विशेष पैकेज,रोजगार,शिक्षा,स्वास्थ्य और विकास की सौगात की उम्मीद लगाई थी।आदिवासी अंचल के लोग राष्ट्रीय अध्यक्ष से सीधे अपनी अपेक्षाएं जोड़ रहे थे,लेकिन उनके हिस्से में अंततः निराशा ही आई। जिस मंच से छत्तीसगढ़ की जनजातीय जनता को भविष्य की कोई बड़ी सौगात मिलने की उम्मीद थी,वहां स्वागत और भाषणों के बीच उम्मीदों का पिटारा खाली ही रह गया।उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि भाजपा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को छत्तीसगढ़ की ताकत दिखाने के लिए पूरा इंतजाम किया था,लेकिन छत्तीसगढ़ की जनता को राष्ट्रीय अध्यक्ष का चेहरा तक देखने का अवसर नहीं मिला। विडंबना देखिए कि जिस प्रदेश की जनता और भाजपा कार्यकर्ता उनके स्वागत में दिन-रात एक कर रहे थे,उसी प्रदेश को निराश छोड़कर नितिन नवीन के पटना में छठ मनाने पहुंचने की खबर ने राजनीतिक सवालों को और गहरा कर दिया। हरे राम तिवारी ने तंज कसा कि भाजपा की तैयारी में बसें भी थीं,बैनर भी थे,विज्ञापन भी थे,भीड़ भी थी और मंच भी था, बस जिस मेहमान के लिए यह पूरा आयोजन सजाया गया था, वही नहीं थे। जिला भाजपा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को खुश करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी,लेकिन अंत में मेहनत का फल मुख्यमंत्री के संबोधन और खाली उम्मीदों के रूप में मिला। भाजपा के लिए यह आयोजन शक्ति प्रदर्शन कम और संगठनात्मक किरकिरी ज्यादा बनकर रह गया।उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस कोई राजनीतिक ब्रांडिंग या नेताओं के स्वागत का इवेंट नहीं,बल्कि भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, स्वाभिमान और आदिवासी अस्मिता से जुड़ा ऐतिहासिक अवसर है।इसे भीड़ और विज्ञापनों के आंकड़ों में समेटने के बजाय जनजातीय समाज के जीवन में वास्तविक बदलाव लाने वाली घोषणाओं से जोड़ना चाहिए था। छत्तीसगढ़ की जनता को अब विज्ञापनों में विकास और मंचों पर गौरवगान नहीं,बल्कि जमीन पर परिणाम चाहिए।
  • "

    Our Visitor

    0 0 8 3 2 3
    Users Today : 0
    Total Users : 8323
    Views Today :
    Views Yesterday : 105
    Views This Month : 954
    Views This Year : 8306
    Total views : 8326
    "

    Top Search

    Popular Post

    IMG_20261116_200920
    IMG-20261116-WA1142
    IMG-20261116-WA0709(1)
    IMG-20261116-WA0762

    Most Read