कोसमपाली में महिला उद्यमियों को दिया गया पॉलीहाउस प्रबंधन एवं पौध उत्पादन का प्रशिक्षण डोंगाढकेल और जोरापाली की महिलाओं ने सीखी उन्नत पौध तैयार करने की तकनीकें, कोसमपाली की अनुभवी महिलाओं ने साझा किए अपने व्यावहारिक अनुभव
रायगढ़ ग्रामीण महिलाओं को कृषि आधारित आजीविका से जोड़ने, उनकी आय के नए अवसर विकसित करने तथा किसानों को गुणवत्तापूर्ण पौध उपलब्ध कराने के उद्देश्य से HDFC Bank Parivartan के सहयोग से PRADAN द्वारा रायगढ़ जिले के ग्राम डोंगाढकेल, जोरापाली और कोसमपाली में तीन पॉलीहाउस स्थापित किए गए हैं। इन पॉलीहाउस के माध्यम से स्थानीय स्तर पर उन्नत एवं गुणवत्तापूर्ण पौध उत्पादन को बढ़ावा देने के साथ-साथ महिलाओं के नेतृत्व में आजीविका आधारित उद्यम विकसित करने की पहल की जा रही है।दिनांक 30 अक्टूबर 2026 को ग्राम कोसमपाली में पॉलीहाउस प्रबंधन एवं पौध उत्पादन विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें ग्राम डोंगाढकेल के जय मां लक्ष्मी स्वयं सहायता समूह तथा ग्राम जोरापाली के हरिकांति स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने भाग लिया।प्रशिक्षण की विशेषता यह रही कि इसका संचालन ग्राम कोसमपाली के विजय लक्ष्मी एवं मां लक्ष्मी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने किया। इन समूहों की महिलाओं को पिछले लगभग नौ महीनों से पॉलीहाउस में पौध उत्पादन का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त है। वे पौध तैयार करने से लेकर उनकी गुणवत्ता बनाए रखने,प्रबंधन करने और बाजार में बिक्री करने तक की प्रक्रिया से परिचित हैं। उन्होंने अपने अनुभव और व्यावहारिक ज्ञान को साझा करते हुए दूसरे गांवों से आई महिलाओं को पौध उत्पादन की विभिन्न तकनीकों की जानकारी दीप्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को पौध तैयार करने में उपयोग होने वाली विभिन्न सामग्रियों,जैसे कोकोपीट,वर्मी कम्पोस्ट,परलाइट, स्यूडोमोनास एवं ट्राइकोडर्मा के बारे में विस्तार से बताया गया। उन्हें इन सामग्रियों की उपयोगिता,महत्व और उचित मात्रा की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण को व्यावहारिक स्वरूप देते हुए महिलाओं को पौध उत्पादन के लिए मीडिया तैयार करने, उसे सीडलिंग ट्रे में भरने तथा उचित तरीके से बीज की बुवाई करने का अभ्यास भी कराया गया।इसके साथ ही बीज बोने के बाद पौधों की देखभाल और उनके बेहतर विकास के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। महिलाओं को बताया गया कि पौधों की विभिन्न विकास अवस्थाओं में उनकी आवश्यकताओं के अनुसार सिंचाई, देखभाल एवं प्रबंधन किस प्रकार किया जाना चाहिए,ताकि स्वस्थ, मजबूत और गुणवत्तापूर्ण पौध तैयार की जा सके।इस पहल का उद्देश्य केवल पॉलीहाउस में पौध उत्पादन तक सीमित नहीं है,बल्कि महिलाओं को सक्षम उद्यमी के रूप में विकसित करना,स्थानीय स्तर पर पौधों की उपलब्धता सुनिश्चित करना और कृषि आधारित आजीविका के स्थायी अवसर तैयार करना भी है। पॉलीहाउस के माध्यम से क्षेत्र की जलवायु एवं स्थानीय कृषि परिस्थितियों के अनुकूल गुणवत्तापूर्ण पौध तैयार की जा सकेंगी। इससे रायगढ़ जिले के किसानों को स्थानीय स्तर पर उचित एवं किफायती दरों पर पौध उपलब्ध होने की संभावना बढ़ेगी। साथ ही, समय पर पौध मिलने से किसानों को खेती की तैयारी में सुविधा होगी और जलवायु-अनुकूल कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देने में भी मदद मिलेगी।कार्यक्रम में PRADAN की ओर से रहमान अंसारी,नूर आलम,पुष्पा एवं नम्रता उपस्थित रहे।