*बनोरा में 32 साल से चली आ रही सनातनी परंपरा,आंवला पेड़ के नीचे पंगत में बैठा पूरा गांव**आंवला वृक्ष की पूजा-अर्चना कर ग्रामीणों ने किया सामूहिक प्रसाद ग्रहण
रायगढ़ आंवला नवमी के पावन अवसर पर बुधवार को अघोर गुरुपीठ ट्रस्ट बनोरा आश्रम परिसर में श्रद्धा और उल्लास का वातावरण देखने को मिला। इस अवसर पर बनोरा गांव के ग्रामीणों ने आंवला वृक्ष की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद आश्रम परिसर में सामूहिक भोजन का आयोजन किया गया, जिसमें गांव के महिला-पुरुषों के साथ शहर से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भी शामिल होकर प्रसाद ग्रहण किया। आंवला नवमी के दिन सुबह से ही ग्रामीण इस आयोजन की तैयारियों में जुट गए थे। गांव के लोगों ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार घरों से दाल, चावल, सब्जियां सहित अन्य खाद्य सामग्री एकत्रित की। इसके बाद सामूहिक रूप से खीर, पूड़ी, सब्जी और चावल तैयार किए गए। आंवला वृक्ष की पूजा-अर्चना के पश्चात आश्रम परिसर में पंगत लगाकर सभी ने एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। सामूहिक भोजन के दौरान आपसी सौहार्द, एकजुटता और धार्मिक आस्था का सुंदर दृश्य देखने को मिला। बुजुर्गों से लेकर बच्चों तक, सभी ने इस आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। महिलाओं ने पूजा की थाल सजाई, तो पुरुषों ने भोजन व्यवस्था संभाली। पूरा आश्रम परिसर भजन-कीर्तन और जयकारों से गूंज उठा। 1993 से निरंतर चली आ रही है परम्परा बनोरा आश्रम में आंवला नवमी पर सामूहिक पूजा और भोजन की यह परंपरा अघोर गुरुपीठ ट्रस्ट की स्थापना वर्ष 1993 से निरंतर चली आ रही है। 32 साल से यह परंपरा बिना टूटे चली आ रही है। हर वर्ष ग्रामीण पूरे उत्साह और सहभागिता के साथ इस आयोजन में शामिल होते हैं। इस परंपरा के माध्यम से धार्मिक आस्था के साथ ग्रामीणों के बीच सामाजिक समरसता और सामूहिक सहभागिता की भावना भी मजबूत हो रही है। ग्रामीणों का मानना है कि यह आयोजन सिर्फ पूजा तक सीमित नहीं है,यह गांव को एक सूत्र में बांधने का पर्व है। इस दिन हर घर से कोई न कोई आश्रम पहुंचता ही है, और सब एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण करते हैं। आंवला पूजा का धार्मिक महत्व भी है।आंवला नवमी के दिन आंवला वृक्ष में भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी का वास होता है। इस दिन आंवले के पेड़ की पूजा करने और उसके नीचे भोजन करने से सुख,समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की प्राप्ति होती है। यही कारण है कि ग्रामीण इस दिन को बड़े ही श्रद्धा भाव से मनाते हैं।आश्रम में सालभर होते हैं आयोजन*अघोर संत बाबा प्रियदर्शी राम जी के सानिध्य में बनोरा आश्रम में वर्षभर विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन होते रहते हैं। आंवला नवमी का यह आयोजन भी आश्रम की वर्षों पुरानी परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है,जिसमें ग्रामीणों और श्रद्धालुओं की सहभागिता से भक्ति, सेवा और सामाजिक एकता का संदेश मिलता है। श्रद्धालुओं ने गांव की खुशहाली, सुख-शांति और आपसी भाईचारे के लिए प्रार्थना की।